जिला बुलंदशहर : थाना खानपुर पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल पत्रकार मनोज कुमार को अब भी इंसाफ का इंतजार
कैलाश लोधी जिला रिपोर्टर बुलंदशहर

बुलंदशहर। थाना खानपुर क्षेत्र में पत्रकार मनोज कुमार के साथ कथित अभद्रता और जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पत्रकार मनोज कुमार का आरोप है कि तीन लोगों द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई और उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने तीन आरोपियों में से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। पीड़ित पत्रकार का कहना है कि मामले में अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और पूरा मामला रफा-दफा किए जाने की स्थिति बन गई।
मनोज कुमार के मुताबिक, घटना के बाद से वह लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें इंसाफ नहीं मिला है। उनका कहना है कि यदि एक पत्रकार के साथ हुई कथित घटना में भी निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती, तो आम नागरिकों की शिकायतों को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
पत्रकार मनोज कुमार ने जिला बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने दोषी पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई के साथ-साथ यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्तर से मामले की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन क्या कदम उठाता है।




