हरिहर मंदिर मुक्ति आंदोलन को लेकर शिवसेना ने बनाई रणनीति
कैलाश कुमार जिला रिपोर्टर मुरादाबाद यूपी

मेरठ। छीपी टैंक स्थित शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे कार्यालय पर मुरादाबाद जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर से मुलाकात की। इस दौरान संभल स्थित हरिहर मंदिर मुक्ति को लेकर शिवसेना द्वारा चलाए जा रहे आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर ने बताया कि पिछले 30 वर्षों से मुरादाबाद जनपद की शिवसेना इकाई हरिहर मंदिर मुक्ति आंदोलन चला रही है। सावन माह में शिवसैनिक हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए कूच करते रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कई बार उन्हें नजरबंद या गिरफ्तार किया गया।
वीरेंद्र अरोड़ा ने बताया कि इस बार केंद्रीय नेतृत्व के साथ मिलकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जा रही है। गुरुवार को शिवसेना उत्तर प्रदेश इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद अनिल देसाई से मुलाकात की थी। आंदोलन के जनजागरण के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में समर्थन फॉर्म भरवाने का अभियान भी शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से शिवसैनिक मुरादाबाद पहुंचेंगे और हरिहर मंदिर में जलाभिषेक के लिए कूच करेंगे। शिवसेना के केंद्रीय पदाधिकारी भी मुंबई से मुरादाबाद पहुंचकर आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।
धर्मेंद्र तोमर ने बताया कि मेरठ में भी हरिहर मंदिर के समर्थन में समर्थन फॉर्म भरवाने का अभियान शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर जसवीर सिंह, शिवम सिंह, सत्यम सहित अन्य शिवसैनिक मौजूद रहे।




