मुरादाबाद: राष्ट्रहित इंडियन पार्टी (सेक्यूलर) ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सात सूत्रीय मांगें उठाईं
कैलाश कुमार जिला रिपोर्टर मुरादाबाद यूपी

मुरादाबाद। राष्ट्रहित इंडियन पार्टी (सेक्यूलर) के पदाधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी मुरादाबाद को सौंपकर विभिन्न सामाजिक और प्रशासनिक मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में पार्टी ने गिहार जाति को उत्तर प्रदेश शासन की सूची में शामिल कर जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग उठाई। इसके साथ ही बागपत जिले के चिरचिटा गांव में तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की गई।
पार्टी ने मेरठ के चर्चित ललित हत्याकांड से जुड़े प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ता रवि गौतम सहित 14 लोगों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। वहीं बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में पुलिस पिटाई से कथित मौत के मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में मुरादाबाद नगर निगम क्षेत्र के हैलेट रोड स्थित एससी/एसटी समुदाय की पुरानी झुग्गी-झोपड़ियों को न हटाने तथा वहां भूमि और धार्मिक स्थलों पर कथित अवैध कब्जे की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग भी शामिल है।
इसके अलावा पार्टी ने जोगी, बंजारा और लोहार समुदाय को अनुसूचित जाति/जनजाति का दर्जा देने तथा फर्रुखाबाद जिले के सिरोली गेरुआ नगला गांव में सपेरा और बैगा समुदाय के लोगों के जाति प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग उठाई।

पार्टी ने मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। प्रशासन की ओर से ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
(नोट: यह समाचार राष्ट्रहित इंडियन पार्टी (सेक्यूलर) द्वारा सौंपे गए ज्ञापन और उसमें किए गए दावों पर आधारित है। इनमें लगाए गए आरोपों और मांगों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।)




