बदायूँ: सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव का निधन राजनीतिक जगत में शोक की लहर
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

बदायूँ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, सहसवान विधानसभा क्षेत्र (113) से पांच बार विधायक रहे उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री ओमकार सिंह यादव का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह 75 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही बदायूँ समेत पूरे प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ओमकार सिंह यादव लंबे समय तक सहसवान विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे और समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं में उनकी पहचान थी। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने क्षेत्र के विकास, जनहित के मुद्दों और आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। मंत्री रहते हुए भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त हो गया। कई नेताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
ओमकार सिंह यादव का निधन बदायूँ की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके योगदान और जनसेवा को लंबे समय तक याद किया जाएगा।


