गाजियाबाद में बीच सड़क पिस्तौल तानने का आरोप, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

गाजियाबाद के थाना वेव सिटी क्षेत्र के सेक्टर-1 में शराब के ठेके के पास हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क पर खड़ी गाड़ी को हटाने को लेकर हुए विवाद के दौरान अमित चौधरी नामक व्यक्ति ने एक युवक पर कथित तौर पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित युवक ने अपनी जान बचाते हुए थाना वेव सिटी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। घटना स्थल पर लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात कैद होने की बात सामने आ रही है। वायरल वीडियो और CCTV फुटेज को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
हालांकि पुलिस द्वारा इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति ने सार्वजनिक स्थान पर हथियार दिखाकर दहशत फैलाने का प्रयास किया है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि ऐसे मामलों में हथियार के लाइसेंस की भी जांच की जानी चाहिए और दोषी पाए जाने पर लाइसेंस निरस्त करने जैसी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में लेने की हिम्मत न कर सके।
अब सभी की निगाहें वेव सिटी पुलिस पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।




