अंतरराष्ट्रीय विश्व पर्यावरण दिवस व बाल दिवस पर जनवादी महिला समिति ने किया पौधरोपण बच्चों में बांटी पर्यावरण की समझ
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

अंतरराष्ट्रीय विश्व पर्यावरण दिवस व अंतरराष्ट्रीय बाल दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, गौतमबुद्धनगर कमेटी द्वारा नोएडा व ग्रेटर नोएडा के विभिन्न स्थानों पर वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के साथ-साथ बच्चों के लिए ड्राइंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से नई पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया।
प्रतियोगिता में बच्चों ने “हरित पृथ्वी”, “जल ही जीवन” और “प्लास्टिक मुक्त समाज” जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता दिखाई। विजेता बच्चों को पुरस्कृत कर पर्यावरण संरक्षक बनने की शपथ दिलाई गई। समिति की सदस्यों ने बच्चों को पेड़ों का महत्व, जल संरक्षण और कचरा प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम का नेतृत्व जनवादी महिला समिति दिल्ली एनसीआर की राज्य अध्यक्ष कामरेड आशा यादव ने किया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कामरेड रेखा चौहान, कोषाध्यक्ष गुड़िया देवी, सह सचिव किरण देवी, जिला कमेटी सदस्य मीनू, मधु शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर सीटू गौतमबुद्धनगर के जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “पर्यावरण बचाना अब केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। बच्चों में आज डाली गई पर्यावरण की समझ ही कल सुरक्षित भविष्य की गारंटी है।” उन्होंने बढ़ते प्रदूषण व घटते हरित क्षेत्र पर चिंता जताते हुए श्रमिक बस्तियों में भी नियमित पौधरोपण अभियान चलाने का आह्वान किया।
जनवादी महिला समिति ने जिला प्रशासन व आम नागरिकों से अपील की कि वे पर्यावरण दिवस को एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि हर घर में कम से कम एक पेड़ लगाने और प्लास्टिक का उपयोग घटाने का संकल्प लें।




