बदायूं में फिर गूँजी मशीनों की दहाड़! HP का CBG प्लांट शुरू, रोजगार के लिए लागू हुआ ‘वन फैमिली-वन जॉब’ नियम
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

बदायूं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सीबीजी प्लांट के दो अधिकारियों की हत्या के बाद 12 मार्च से बंद पड़ा प्लांट मंगलवार को फिर शुरू हो गया। मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने प्लांट में नारियल फोड़ कर प्लांट का विधिवत शुभारंभ किया। करीब 46 दिन बाद प्लांट की मशीनें शुरू हुई तो हर किसी ने राहत की सांस ली। अब एक बार फिर स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जगी है।
प्लांट के संचालन से क्षेत्र के युवाओं को काम मिलेगा, वहीं किसानों को भी पराली जैसे कृषि अवशेष बेचकर अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त होगा। प्लांट में उपयोग के लिए पराली पीलीभीत, शाहजहांपुर और पंजाब समेत अन्य क्षेत्रों से मंगाई जानी शुरू कर दी गई है।
प्लांट के संचालन से क्षेत्र के युवाओं को काम मिलेगा, वहीं किसानों को भी पराली जैसे कृषि अवशेष बेचकर अतिरिक्त आय का स्रोत प्राप्त होगा। प्लांट में उपयोग के लिए पराली पीलीभीत, शाहजहांपुर और पंजाब समेत अन्य क्षेत्रों से मंगाई जानी शुरू कर दी गई है।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सुरक्षा मानकों से समझौता न हो। परिसर में सीसीटीवी निगरानी को मजबूत किया गया है और पुलिस समन्वय को भी सक्रिय रखा गया है। यहां स्थापित पुलिस चौकी के कर्मियों को भी पूरी तरह सतर्क किया गया है।
प्लांट के अधिकारियों के मुताबिक प्लांट का संचालन सोपान कंपनी द्वारा किया जा रहा है, जबकि मशीनों के रखरखाव की जिम्मेदारी फराज कंपनी के पास है। पूर्व में हुई घटना के बाद सभी 125 कर्मचारियों को हटाया गया था, लेकिन अब करीब 90 कर्मचारियों की नई भर्ती की जा चुकी है।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए सभी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराया गया है। साथ ही गुटबंदी रोकने के लिए यह नियम लागू किया गया है कि एक ही परिवार के एक सदस्य को ही नौकरी दी जाएगी। सैजनी और आसपास के गांवों के लोगों को प्राथमिकता देकर स्थानीय सहभागिता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
केशव पर गवाह को धमकाने का आरोप
जिला जेल में बंद मुख्य आरोपित के सगे भाई केशव पर अब गवाह को धमकाने का आरोप लगा है। बताते हैं कि क्षेत्र की एक महिला जेल गई थी, जहां केशव भी मुलाकाती लाइन में था। उसने महिला को देखकर कहा कि जिन जिन लोगों ने गवाही दी है, उन सभी को जेल से बाहर आकर वह देख लेगा।
आरोप है कि उसने कहा कि उसकी जल्द जमानत होने वाली है, इसके बाद वह बाहर आकर सभी से निपटेगा। मामले की जानकारी पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि जांच की जा रही है।
सत्यता पाए जाने पर हत्या के मामले में ही धारा बढ़ाकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं पीएसी बटालियन निर्माण के दौरान मुख्य आरोपित के तहेरे भाई अभय पर रंगदारी मांगने का आरोप लगा है। उसके खिलाफ जल्द ही एक और मुकदमा दर्ज किया जा सकता है।




