ग्रेटर नोएडा

सेक्टर-100 सेंचुरी अपार्टमेंट्स की AOA पर बड़ी कार्रवाई 12 साल से बिना चुनाव चल रही कार्यकारिणी कालातीत घोषित

देश-दुनिया की हर अपडेट — न्यूज़ स्पीड लाइव

ग्रेटर नोएडा। सेक्टर-100 स्थित सेंचुरी अपार्टमेंट्स की अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच शनिवार 7 मार्च 2026 को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। माननीय डिप्टी रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसाइटीज़ एवं चिट्स ने मौजूदा कार्यकारिणी को कालातीत (कार्यकाल समाप्त) घोषित कर दिया है। इसके साथ ही सोसाइटी में नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि सेंचुरी अपार्टमेंट्स की AOA पिछले करीब 12 वर्षों से बिना नियमित चुनाव कराए ही पद पर बनी हुई थी। सोसाइटी के कई निवासियों का आरोप है कि इस लंबे समय के दौरान कार्यकारिणी द्वारा पद का दुरुपयोग, पारदर्शिता की कमी और कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आई हैं। आरोप यह भी लगाया गया कि कई ऐसे लोगों को भी जिम्मेदार पद दे दिए गए जो नियमों के अनुसार पात्र नहीं थे।

निवासियों के अनुसार पिछले कई वर्षों से इस मामले को लेकर लगातार शिकायतें और आपत्तियां दर्ज कराई जा रही थीं। लोगों का कहना था कि सोसाइटी में लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत समय-समय पर चुनाव होना चाहिए, लेकिन चुनाव नहीं कराए गए। इसी मुद्दे को लेकर कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों को लिखित शिकायत भी भेजी गई थी।

लगातार शिकायतों और जांच के बाद डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौजूदा कार्यकारिणी के कार्यकाल को समाप्त घोषित कर दिया। आदेश के अनुसार अब सोसाइटी में नई AOA के गठन के लिए चुनाव कराए जाएंगे, जो रजिस्ट्रार कार्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न होंगे।

इस फैसले के बाद सेंचुरी अपार्टमेंट्स के कई निवासियों ने राहत जताई है। उनका कहना है कि अब सोसाइटी में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ नई कार्यकारिणी का गठन होगा, जिससे अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान बेहतर तरीके से हो सकेगा।

निवासियों का यह भी कहना है कि नई कार्यकारिणी बनने के बाद सोसाइटी में विकास कार्यों, रखरखाव व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही यह भी उम्मीद जताई जा रही है कि चुनाव की प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी कराई जाएगी।

फिलहाल डिप्टी रजिस्ट्रार के आदेश के बाद अब सभी की नजरें आने वाले दिनों में होने वाले AOA के चुनाव पर टिकी हुई हैं, जिनके बाद सेंचुरी अपार्टमेंट्स की नई कार्यकारिणी का गठन होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!